सागर, जीशान खान। मोतीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम अमावनी में जमीन विवाद ने एक बुजुर्ग किसान की जान ले ली। खेत की भूमि को लेकर हुए खूनी संघर्ष में गंभीर रूप से घायल किसान नंदराम पटेल की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने सागर-खुरई मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार नंदराम पटेल, उनके पुत्र आशीष पटेल एवं यशवंत पटेल के नाम लगभग चार एकड़ कृषि भूमि है। परिजनों का आरोप है कि उनकी जमीन से लगी भूमि पर प्लॉटिंग का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान आनंद कुमार गुप्ता और शिवराज शुक्ला पक्ष के लोगों ने खेत में लगी तार फेंसिंग की लकड़ियां उखाड़ना शुरू कर दिया। विरोध करने पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान नंदराम पटेल के साथ लाठी, डंडों, बल्लियों और तलवार से हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के पुत्र आशीष पटेल ने आरोप लगाया कि जमीन पर कब्जा करने की नीयत से उनके पिता पर जानलेवा हमला किया गया। मामले में मोतीनगर पुलिस ने पहले ही विकास उर्फ यशवंत खटीक, ध्रुव अहिरवार, दिलीप अहिरवार, हुकुमचंद पटेल, विनोद पटेल, दयाराम पटेल, अंकित कोरी, शाहरुख राईन सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था।
बुजुर्ग किसान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग सागर-खुरई मार्ग पर एकत्रित हो गए और शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा कठोर कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम समाप्त कराया। पुलिस का कहना है कि घायल किसान की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़कर आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

