बटियागढ़, राजेन्द्र तिवारी। बटियागढ़-बक्सवाहा मार्ग पर सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बटियागढ़ थाना क्षेत्र के नीमन तिराहा के पास एक डम्पर और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक केबिन में फंस गए।
जानकारी के अनुसार एक ट्रक निवाड़ी से दमोह की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा डम्पर दमोह से छतरपुर की ओर आ रहा था। नीमन तिराहा के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर दोनों चालकों को केबिन से बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बटियागढ़ पहुंचाया गया।
स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल दमोह रेफर कर दिया गया। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर बटियागढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली तथा क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन सुचारु कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




