दिव्य प्रतिष्ठा उत्सव: श्री प्रकटेश्वर बालाजी सरकार का भव्य आगमन।

Advertisement
26 फरवरी को विशाल भंडारे का आयोजन
छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के ग्राम बृजपुरा में आस्था और श्रद्धा का अनुपम दृश्य देखने को मिला। नव निर्मित श्री प्रकटेश्वर बालाजी सरकार मंदिर में विराजमान हनुमान जी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। आज विधिवत हवन-पूजन संपन्न हुआ, जबकि 26 फरवरी को पूर्णाहुति के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
ग्राम बृजपुरा के ब्रह्मदेव मंदिर के समीप निर्मित इस मंदिर में स्थापित की जा रही हनुमान जी की मूर्ति को लेकर रोचक जानकारी सामने आई है। बताया गया कि यह मूर्ति किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा रात्रि के समय ब्रह्मदेव मंदिर में रखी गई थी, जहां वह कई दिनों तक विराजमान रही। इसके पश्चात ग्रामवासियों की सर्वसम्मति से मूर्ति की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा कराने का निर्णय लिया गया।
मंदिर परिसर में 20 फरवरी से 26 फरवरी तक प्रतिदिन शाम 6 बजे से हरि इच्छा तक श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा वाचन राहुल मिश्रा के मुखारविंद से हो रहा है। 26 फरवरी को कथा की पूर्णाहुति के साथ विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रवासियों सहित समस्त धर्मप्रेमियों को आमंत्रित किया गया है।
ग्राम पंचायत बृजपुरा के सरपंच आदित्य पंकज मिश्रा ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से संपन्न कराया जा रहा है। ऐसे आयोजनों से गांव में आध्यात्मिक वातावरण सुदृढ़ होता है और सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है।
