भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज संपन्न हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के विकास और कल्याण से जुड़े करीब ₹24,500 करोड़ के प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें पुनरीक्षित, संशोधित तथा विभिन्न योजनाओं की निरंतरता से जुड़े प्रस्ताव शामिल रहे। बैठक में लिए गए निर्णयों से सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, न्यायिक बुनियादी ढांचे और पिछड़े वर्गों के कल्याण को नई गति मिलेगी।
सबसे महत्वपूर्ण कल्याणकारी फैसला विमुक्त, घुमंतु एवं अर्ध-घुमंतु वर्गों के विभाग के अंतर्गत संचालित छात्रावासों, कल्याण आश्रमों और अन्य संस्थानों से जुड़ा है। अब तक इन संस्थानों को 12 किलो अनाज ₹5 प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराया जाता था, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य वर्गों के छात्रावासों को ₹1 प्रति किलो की दर से अनाज मिल रहा था। कैबिनेट ने आज निर्णय लिया कि विमुक्त, घुमंतु एवं अर्ध-घुमंतु वर्गों के छात्रावासों और संबंधित संस्थानों को भी अब ₹1 प्रति किलो की दर से अनाज उपलब्ध कराया जाएगा। यह कदम इन संस्थानों में रहने वाले विद्यार्थियों और जरूरतमंदों के हित में एक बड़ा कल्याणकारी निर्णय माना जा रहा है।
सिंचाई परियोजनाओं को मिली बड़ी मंजूरी
प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं को हरी झंडी दी गई। दतिया की मां रतनगढ़ सिंचाई परियोजना के लिए ₹1,608 करोड़ स्वीकृत किए गए। इससे 78,484 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और परियोजना को वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। रामपुरा-मनासा सूक्ष्म उद्वहन सिंचाई परियोजना के लिए ₹524 करोड़ की स्वीकृति मिली, जिससे 65,400 हेक्टेयर क्षेत्र लाभान्वित होगा। सागर सिंचाई परियोजना के लिए ₹1,052 करोड़ मंजूर किए गए, जिसके माध्यम से 80,000 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित होगी। उज्जैन की खान डायवर्सन योजना के तहत क्षिप्रा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से 30 किलोमीटर लंबी टनल का निर्माण जारी है, जिसका 51 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इन परियोजनाओं से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और प्रदेश में सिंचाई का दायरा काफी बढ़ेगा।
स्वास्थ्य और न्यायिक बुनियादी ढांचे को मजबूती
सिंगरौली मेडिकल कॉलेज में 150 एमबीबीएस सीटों के लिए ₹372 करोड़ का पुनरीक्षित प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज की लागत ₹768 करोड़ से बढ़ाकर ₹953 करोड़ कर दी गई। हेल्थ सेंटर्स के निर्माण और उन्नयन के लिए ₹3,113 करोड़ तथा कोर्ट भवनों के निर्माण के लिए ₹651 करोड़ की स्वीकृति दी गई। दमोह-कटनी 105 किलोमीटर लंबे विंध्य विकास पथ के लिए ₹4,470 करोड़ मंजूर किए गए।
शिक्षा क्षेत्र में अनुकंपा नियुक्ति और गणवेश योजना
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाकर वर्षों से लंबित 900 से अधिक पदों पर अनुकंपा नियुक्तियां की गईं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अन्य विभागों को भी लंबित अनुकंपा नियुक्तियों का निराकरण शीघ्र करने के निर्देश दिए हैं। शासकीय स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक पढ़ने वाले 58 लाख विद्यार्थियों को ₹600 प्रति गणवेश की दर से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से राशि दी जाएगी। इसके लिए राज्य सरकार ₹348 करोड़ की राशि उपलब्ध कराएगी।
परिवहन सेवा का शुभारंभ और भोपाल मास्टर प्लान
25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी के कर कमलों से भोपाल में “मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा” का शुभारंभ किया गया। इसी अवसर पर वर्षों से लंबित भोपाल मास्टर प्लान भी जारी किया गया। नागरिकों से इस संबंध में आवश्यक सुझाव मांगे जा रहे हैं।
यूनेस्को की टेंटेटिव लिस्ट में मध्यप्रदेश के 19 स्थल
यूनेस्को की टेंटेटिव लिस्ट में भारत के कुल 78 स्थलों में से 19 स्थल मध्यप्रदेश के हैं। इनमें बाग गुफाओं की चित्रकारी, गिन्नौरगढ़ किला, चंबल घाटी के मंदिर समूह और उदयगिरि की गुफाएं प्रमुख हैं। यह प्रदेश के पर्यटन विकास के लिए भविष्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण आधार तैयार करता है। प्रदेश में बाघों की संख्या में वृद्धि हो रही है तथा सभी टाइगर रिजर्व और वन्यजीव अभयारण्यों को व्यवस्थित रूप से विकसित किया जा रहा है। पर्यटन न केवल विरासत और संस्कृति को विश्व पटल पर पहचान दिलाता है, बल्कि रोजगार और स्थानीय विकास के नए अवसर भी पैदा करता है।
इसी अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिंदी फिल्मों के चर्चित अभिनेता श्री मुश्ताक खान को श्रद्धांजलि अर्पित की। लगभग 500 फिल्मों में अभिनय करने वाले मुश्ताक खान का जन्म, बचपन और शिक्षा मध्यप्रदेश के बालाघाट में हुई थी। उन्होंने अपने अभिनय से फिल्म जगत में विशिष्ट पहचान बनाई। कैबिनेट के इन निर्णयों से प्रदेश के विकास, किसान कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा और पिछड़े वर्गों के हितों को मजबूत आधार मिलेगा।











