भोपाल, जीतेन्द्र यादव। 2023 विधानसभा चुनाव से पहले भर्ती किए गए 9300 जनसेवा मित्रों को सेवा से हटाए जाने के विरोध में शनिवार को भोपाल में जनसेवा मित्रों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बोर्ड ऑफिस चौराहे स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष आंदोलन कर अपनी सेवाएं बहाल करने की मांग उठाई।
जनसेवा मित्रों का आरोप है कि एक ओर पहले से कार्यरत 9300 जनसेवा मित्रों का भविष्य अधर में है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री यंग इंटर्न्स फॉर गुड गवर्नेंस प्रोग्राम के तहत 4865 युवाओं की नई भर्ती की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने इस प्रक्रिया को लेकर सरकार की नीति और पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए।
आंदोलनकारियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट गाइडलाइन सामने नहीं आने से युवाओं में असमंजस और असंतोष की स्थिति है। उनका सवाल है कि जब पहले से काम कर रहे हजारों जनसेवा मित्रों की सेवाओं और भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट निर्णय नहीं हुआ है, तो नए युवाओं को भर्ती करने का औचित्य क्या है।
प्रदर्शन में अस्थाई एवं आउटसोर्स कर्मचारी मोर्चा के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा भी उपस्थित रहे। उन्होंने जनसेवा मित्रों की सेवा बहाली की मांग का समर्थन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट नीति बनाने और जनसेवा मित्रों के मामले में न्यायपूर्ण निर्णय लेने की मांग की।
जनसेवा मित्रों ने कहा कि युवाओं की मेहनत और भविष्य के साथ इस तरह का प्रयोग बंद होना चाहिए। उन्होंने सरकार से जल्द सेवा बहाली को लेकर ठोस निर्णय लेने की मांग की।




