छतरपुर, संजय अवस्थी। शहर के दूध विक्रेताओं की शनिवार को मोटे के महावीर मंदिर स्थित अटल सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में दूध के वर्तमान दाम और पशुपालन में बढ़ती लागत को लेकर चर्चा की गई। दूध विक्रेताओं ने एकजुट होकर दूध के दाम बढ़ाने की मांग उठाई।
दूध विक्रेता हृदेश यादव ने बताया कि वर्तमान में शहर में दूध करीब 50 से 60 रुपए प्रति लीटर की दर से बिक रहा है। जबकि खरी, दलिया, चारा, भूसा और पशु आहार सहित पशुओं से संबंधित अन्य सामग्री के दाम लगातार बढ़ गए हैं। ऐसे में मौजूदा दर पर दूध बेचने से दूध विक्रेताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। बैठक में मौजूद दूध विक्रेताओं ने दूध का भाव बढ़ाकर करीब 120 रुपए प्रति लीटर किए जाने की मांग रखी। विक्रेताओं का कहना है कि बढ़ती लागत को देखते हुए दूध के दाम में उचित वृद्धि जरूरी है। दूध विक्रेताओं ने निर्णय लिया कि आगामी 15 सितंबर को शहर के सभी दूध विक्रेता कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर को आवेदन सौंपेंगे। आवेदन के माध्यम से दूध के दाम बढ़ाने की मांग की जाएगी। बैठक में शहर के बड़ी संख्या में दूध विक्रेता मौजूद रहे।




