सतना, अंबिका केशरी। मध्य प्रदेश पुलिस विभाग द्वारा जारी कार्यवाहक उप निरीक्षकों की पदोन्नति सूची में एक गंभीर प्रशासनिक चूक सामने आई है। विभाग की ओर से जारी 2035 कार्यवाहक उप निरीक्षकों की पदोन्नति सूची में एक ऐसे पुलिसकर्मी का नाम शामिल कर दिया गया, जिनका पिछले वर्ष ही बीमारी के कारण निधन हो चुका था। घटना के बाद विभाग की कार्यप्रणाली और रिकॉर्ड सत्यापन प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार पदोन्नति सूची में क्रमांक 1115 पर पुलिसकर्मी राकेश सिंह बघेल का नाम दर्ज है। राकेश सिंह बघेल मूल रूप से सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र के दिदौंध गांव के निवासी थे और पन्ना जिले के देवेन्द्रनगर थाने में पदस्थ रहते हुए बीमारी के चलते कार्डियक अरेस्ट से उनका निधन हो गया था। इसके बावजूद उनका नाम पदोन्नति सूची में शामिल होने से विभागीय अभिलेखों की शुद्धता पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार पदोन्नति प्रक्रिया के दौरान कर्मचारियों की वर्तमान सेवा स्थिति, सेवानिवृत्ति, मृत्यु और अन्य अभिलेखों का अनिवार्य रूप से सत्यापन किया जाता है। ऐसे में मृत कर्मचारी का नाम सूची में शामिल होना गंभीर लापरवाही माना जा रहा है। मामले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की पदोन्नति प्रक्रिया और रिकॉर्ड अपडेट करने की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
अब उम्मीद की जा रही है कि विभाग इस मामले की जांच कर पदोन्नति सूची में आवश्यक संशोधन करेगा तथा भविष्य में ऐसी त्रुटियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए रिकॉर्ड सत्यापन प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा।




