छतरपुर/ईशानगर, अरविंद असाटी। छतरपुर जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शव मिलने की सूचना फैलते ही सीगोंन पुलिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही ईशानगर थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर वैधानिक कार्यवाही शुरू की।
रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर मिली लाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना ईशानगर थाना क्षेत्र की है। यहाँ स्थित रेलवे स्टेशन से करीब एक से डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर, सीगोंन पुलिया के समीप रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ देखा गया। राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की नजर जब पटरी के पास पड़े शव पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी।
शव को संरक्षण में लेकर शिनाख्त की कोशिशें तेज
ईशानगर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से मुआयना किया और उपस्थित लोगों से पूछताछ की। हालांकि, प्राथमिक तौर पर महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को अपने संरक्षण में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम व पहचान के लिए भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास बेहद तेज कर दिए गए हैं। इसके लिए आसपास के थानों और गांवों में महिला के हुलिए और कपड़ों के आधार पर जानकारी साझा की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की वास्तविक कड़ियों और मौत के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है।




