जंगल किनारे बढ़ा खतरा: सुअर के हमले से गांव में दहशत

Advertisement
बैतूल। बैतूल जिले के समीप ग्राम चौकी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बैल चराने गए एक बुजुर्ग पर अचानक जंगली सुअर ने हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग के पैर में गंभीर चोट आई है। घायल को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल बुजुर्ग दामू उइके (उम्र लगभग 60 वर्ष) ग्राम चौकी, देवगांव के निवासी हैं। वे प्रतिदिन की तरह अपने बैलों को चराने के लिए गांव के पास खेत और जंगल क्षेत्र में गए थे। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकले जंगली सुअर ने उन पर हमला कर दिया। हमले से वे घबराकर जमीन पर गिर पड़े। मौके का फायदा उठाते हुए सुअर ने अपने नुकीले दांतों से उनके पैर पर वार किया, जिससे गहरी चोट आई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में बुजुर्ग को खेड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया। वर्तमान में वे चिकित्सकों की निगरानी में भर्ती हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों गांव के आसपास जंगल क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों में भय का वातावरण है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
