दमोह, राजेन्द्र तिवारी। दमोह जिले में शराब दुकानों के नए ठेकों की नीलामी और उनके स्थानांतरण को लेकर ग्रामीण क्षेत्र में जबरदस्त विरोध देखने को मिला है। जिले के खड़ेरी गांव से सामने आई तस्वीरों और वीडियो ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है। यहां दर्जनों ग्रामीण महिलाएं प्रस्तावित शराब दुकान के खिलाफ सड़कों पर उतर आईं और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
मामला उस समय और गरमा गया जब मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और महिलाओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। विरोध कर रहीं महिलाओं का साफ कहना है कि गांव में किसी भी कीमत पर शराब दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। महिलाओं का आरोप है कि जिस स्थान पर दुकान खोली जा रही है, वह गांव का प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र है, जहां दिनभर महिलाओं और बच्चों की आवाजाही रहती है।
प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने बताया कि प्रस्तावित स्थल के पास ही बैंक, बस स्टैंड और सब्जी मंडी स्थित है। ऐसे में यहां शराब दुकान खुलने से सामाजिक माहौल बिगड़ने की आशंका है और महिलाओं की सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस निर्णय को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।
वहीं, मौके पर मौजूद पुलिस ने महिलाओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन महिलाएं अपनी मांगों पर अड़ी रहीं। स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बन गई, हालांकि बाद में मामला शांत हो गया। प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाएं खुलकर विरोध करती नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद यह मुद्दा अब जिले में चर्चा का विषय बन गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते इस मामले पर गंभीरता नहीं दिखाई, तो आंदोलन और भी उग्र हो सकता है। फिलहाल सभी की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है कि आगे क्या कदम उठाया जाता है।



