ईशानगर, शिवाकांत मिश्रा। करधइयन सरकार राम नाम धाम में आयोजित संगीतमय श्रीराम कथा का समापन भक्ति, श्रद्धा और विशाल भंडारे के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। कथा के अंतिम दिन हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। आयोजकों के अनुसार लगभग 50 हजार श्रद्धालुओं ने विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। दूर-दराज के गांवों और शहरों से पहुंचे श्रद्धालुओं के कारण पूरा क्षेत्र राममय वातावरण में सराबोर रहा।
समापन अवसर पर आयोजित जवाबी कीर्तन कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। प्रसिद्ध भजन गायिका नीलम विश्वकर्मा तथा अजय-विजय की टीम ने अपने सुमधुर भजनों और भक्ति गीतों से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। जय श्रीराम के गगनभेदी जयकारों से पूरा कथा परिसर गुंजायमान होता रहा।
विशाल भंडारे में छतरपुर विधायक ललिता यादव, बिजावर विधायक पुत्र धनंजय शुक्ला एवं युवा कांग्रेस नेता भुवन विक्रम सिंह (कैशु भैया) ने भी सहभागिता की। जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं के साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया तथा आयोजन की व्यवस्थाओं और भव्यता की सराहना की।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने सिद्ध गुरु पर्वत पहुंचकर तपस्या में लीन पूज्य गुरु भगवान महामंडलेश्वर दीनबंधु दास मोनी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरुदेव ने सभी के सुख, समृद्धि और लोककल्याण की कामना करते हुए अपना आशीर्वचन प्रदान किया।
आयोजन के सफल संचालन में क्षेत्रीय श्रद्धालुओं, रामभक्तों एवं विभिन्न सेवा समितियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कथा समापन के अवसर पर श्रद्धालुओं ने इसे क्षेत्र के सबसे भव्य और यादगार धार्मिक आयोजनों में से एक बताते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

