छतरपुर (रोहित पाठक)। आगामी टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारियों और खेल चुनौतियों के बीच भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी क्रांति गौड़ ने बुंदेलखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम पहुंचकर बाबा बागेश्वर बालाजी के दरबार में हाजिरी लगाई। इस विशेष आध्यात्मिक यात्रा पर उनके साथ मध्य प्रदेश स्टेट टीम की महिला खिलाड़ी अंकिता शुक्ला, हर्षिता पांढ्य, प्राप्ति कुर्मी और क्रांति गौड़ के परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। मैदान पर देश और प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले ये खिलाड़ी बागेश्वर धाम में पूरी तरह भक्ति के रंग में डूबे नजर आए। सभी ने बालाजी महाराज का विधि-विधान से पूजन कर आगामी मैचों में सफलता और देश की जीत के लिए प्रार्थना की।
अपनी इस यात्रा के दौरान खिलाड़ियों ने कहा कि खेल के मैदान पर कड़ी मेहनत, अनुशासन और तकनीक जितनी जरूरी है, उतनी ही आवश्यक मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी है। बागेश्वर बालाजी के दरबार में आकर उन्हें एक अद्भुत ऊर्जा और आत्मिक शांति की अनुभूति हुई है, जो उन्हें आगामी खेल प्रतियोगिताओं में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी। क्रांति गौड़ के परिवार के सदस्यों ने भी इस पावन अवसर पर भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया।
बागेश्वर धाम में दर्शन की तस्वीरें और जानकारी सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस इसे हाथों-हाथ ले रहे हैं। खेल प्रेमियों और स्थानीय प्रशंसकों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय और राज्य स्तर पर बुंदेलखंड व देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों का अपनी संस्कृति और आस्था से इस तरह जुड़े रहना बेहद प्रेरणादायी है। ट्विटर और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैंस लगातार कमेंट्स कर क्रांति गौड़, अंकिता शुक्ला, हर्षिता, प्राप्ति और पूरी टीम को आगामी टी-20 वर्ल्ड कप व भविष्य के मैचों के लिए अपनी शुभकामनाएं भेज रहे हैं।



