नौगांव, कमल यादव। मध्य प्रदेश सहकारिता बैंक के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव का बुधवार को नौगांव के एक निजी मैरिज गार्डन में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर आयोजित किसान सम्मेलन में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। कार्यक्रम में किसानों को सहकारिता योजनाओं, कृषि ऋण एवं खाद उपलब्धता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
अपने संबोधन में महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सहकारी बैंकों से ऋण लेने वाले किसानों को एक वर्ष तक किसी प्रकार का ब्याज नहीं देना होगा, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वर्तमान में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए किसान समय रहते सहकारी समितियों के माध्यम से खाद प्राप्त कर सुरक्षित रख लें।
श्री यादव ने सहकारिता बैंक की सदस्यता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि आने वाले समय में किसानों और युवाओं के लिए नई योजनाएं शुरू की जाएंगी, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक छतरपुर के अध्यक्ष करुणेंद्र प्रताप सिंह, आयोजक शिवम सिंह यादव, डॉ. इंद्रपाल सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अवधेश प्रताप सिंह यादव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अंजुल सक्सेना एवं अभिलाषा शिवहरे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपु दीक्षित ने किया। इस दौरान महेंद्र सिंह यादव का फूल-मालाओं, पगड़ी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। स्वागत समारोह को सफल बनाने में शिवम सिंह यादव एवं डॉ. इंद्रपाल सिंह की विशेष भूमिका रही।




