मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के हरसोल गांव में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि पोस्ट से नाराज कुछ युवक देर रात एक आदिवासी युवक के घर पहुंचे, जहां उसके साथ मारपीट की गई और गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसे भविष्य में सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की पोस्ट नहीं करने की धमकी भी दी।
घटना के विरोध में कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों ने नारायणगढ़ थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारी रैली निकालकर थाने पहुंचे और करीब एक घंटे तक विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल भी देखने को मिला।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर कन्हैयालाल धनगर और गोविंद पंवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इधर, घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें कुछ लोग कथित तौर पर युवक से माफी मंगवाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने वीडियो को भी जांच में शामिल कर लिया है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




