मंदिर परिसर में मांसाहारी भोजन बनाने पर विवाद, जानिए पूरा मामला...?

Advertisement
सीहोर। सीहोर जिले के इछावर में सोमवार को एक मंदिर परिसर में फिल्म मेकर टीम द्वारा मांसाहारी भोजन बनाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। जानकारी के मुताबिक ‘फौज’ नाम की वेब सीरीज की शूटिंग के लिए आई टीम पिछले तीन दिनों से नगर में ठहरी हुई है और मंदिर परिसर में ही रुकी हुई थी, जहां एक हनुमान मंदिर भी स्थित है।
सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। बजरंग दल के सौरभ मकरेया के अनुसार संगठन को जानकारी मिली थी कि शूटिंग टीम को भोजन में अंडा और मांस परोसा जा रहा है। मौके पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने स्थिति का जायजा लिया, जहां उन्हें अंडे और चिकन की सब्जी मिलने का दावा किया गया।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मंदिर परिसर में मांसाहारी भोजन बनाना और खाना हिंदू धर्म की आस्थाओं के खिलाफ है। उनका कहना है कि जिस स्थान पर मंदिर स्थित हो, वहां इस तरह का भोजन बनाना धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है और इससे परिसर की पवित्रता प्रभावित होती है।
बजरंग दल ने प्रशासन और शूटिंग टीम को चेतावनी दी है कि यदि टीम को मंदिर परिसर से नहीं हटाया गया या जल्द परिसर खाली नहीं किया गया, तो संगठन आंदोलन करेगा।
वहीं, स्थानीय व्यापारियों ने भी शूटिंग को लेकर परेशानी जताई है। उनका कहना है कि शूटिंग के लिए बस स्टैंड परिसर को रस्सी बांधकर बंद कर दिया गया है, जिससे सब्जी, फल और अन्य दुकानों पर ग्राहकों की संख्या कम हो गई है और व्यापार प्रभावित हो रहा है।
मामले में शूटिंग टीम के एक सदस्य ने बताया कि यूनिट के एक अधिकारी मुंबई से आए थे, जिनकी मांग पर मांसाहारी भोजन बनवाया गया था। हालांकि विरोध के बाद अब परिसर में इस तरह का भोजन नहीं बनाया जाएगा। टीम के अनुसार शूटिंग का अंतिम दिन है और इसके बाद यूनिट यहां से रवाना हो जाएगी।
