भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर सवाल उठाए और राज्य के प्रमुख मुद्दों पर सरकार को घेरा।
हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा उम्मीदवार बनाने पर उठाए सवाल
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि हरदीप सिंह पुरी ने 2014 से 2017 के दौरान यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से मुलाकात की थी। उन्होंने सवाल किया कि क्या मध्य प्रदेश बीजेपी में नेताओं की कमी हो गई है जो बाहर से लाकर उन्हें राज्यसभा भेजा जा रहा है। पटवारी ने कहा, "यूपी से हरदीप सिंह पुरी को क्यों नहीं भेजा गया? यह मध्य प्रदेश और राज्य की जनता का अपमान है।" उन्होंने कहा कि दलित नेता एल. मुरुगन से इस्तीफा दिलाकर इस तरह का फैसला लेना बीजेपी की राजनीतिक मजबूरी को दिखाता है और बीजेपी ने अपने राजनीतिक ताबूत में आखिरी कील ठोंक दी है। इस फैसले के विरोध में आज और कल जिले से लेकर ब्लॉक स्तर तक हरदीप पुरी के पुतले जलाए जाएंगे। जीतू पटवारी ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष से खुली बहस की चुनौती दी है।
सरकार के 3 साल का रिपोर्ट कार्ड और भ्रष्टाचार उजागर करने का ऐलान
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी राज्य सरकार के तीन साल का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर रही है। इसके तहत हर विभाग के कामकाज और भ्रष्टाचार की समीक्षा चल रही है। कांग्रेस सबूतों के साथ मंत्रियों और अधिकारियों की पोल खोलेगी। रोज प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए एक विभाग की जानकारी मीडिया और जनता के सामने रखी जाएगी।
बीजेपी पर अराजकता फैलाने का आरोप और संविधान बचाओ यात्रा
बीजेपी के 'लोकतंत्र बचाओ अभियान' पर बोलते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि भारत का संविधान हर नागरिक और विपक्ष को अपनी बात रखने का अधिकार देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने चांदनी चौक में सभा करके तांडव मचाया और देश में अराजकता फैला रही है। कांग्रेस संविधान को बचाने का काम कर रही है और इसी सिलसिले में 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में मध्य प्रदेश से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
देवास शराब कांड और मंत्री विश्वास सारंग पर साधा निशाना
देवास में जहरीली शराब से हुई मौतों पर जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश के गांव-गांव में शराब बिक रही है। अगर कोई अपराधी है तो सरकार को व्यक्ति देखकर नहीं, बल्कि अपराध देखकर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती दी कि वे खुद 10 गांवों में जाकर स्थिति देख लें।
वहीं, कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सारंग ने नर्सिंग घोटाला कर बच्चों का भविष्य बर्बाद किया है और अब शराब कांड पर बात कर रहे हैं। पटवारी ने दावा किया कि जब कांग्रेस सरकार में इस घोटाले की जांच शुरू होगी, तो विश्वास सारंग को मध्य प्रदेश छोड़कर किसी बीजेपी शासित राज्य में छिपना पड़ेगा।













