भोपाल, जीतेन्द्र यादव । मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज एक आधिकारिक पत्र जारी कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। पटवारी ने कहा कि आज वह एक राजनीतिक दल के अध्यक्ष के रूप में नहीं, बल्कि देश के एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में प्रदेशवासियों से बात कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर 'जनता के जनादेश' को बाजार बनाने और जनप्रतिनिधियों की खरीद-फरोख्त का व्यापार करने का गंभीर आरोप लगाया है।


लोकतंत्र विरोधी 'डबल इंजन' का 'सियासी रंगमंच'


अपने पत्र में जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा, "प्रधानमंत्री देशवासियों से त्याग की अपील करते हैं, पेट्रोल-डीजल कम उपयोग करने, सोना कम खरीदने और विदेशी वस्तुओं व यात्रा से बचने का आग्रह करते हैं। वहीं दूसरी तरफ, भाजपा लोकतंत्र की सबसे बड़ी पूंजी यानी जनता के जनादेश को बाजार में बेच रही है।" उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब कुछ भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व की स्वीकृति और सहमति से हो रहा है, जिसे उन्होंने "लोकतंत्र विरोधी डबल इंजन द्वारा सोच-समझकर तैयार किया गया सियासी रंगमंच" करार दिया।


पिछड़ा वर्ग विरोधी मानसिकता और सामाजिक न्याय पर प्रहार


पटवारी ने चुनावों में उम्मीदवारों के चयन को लेकर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि पहले दो प्रत्याशी सामान्य थे, जिनमें से एक को पंजाब से 'आयात' किया गया था। जबकि अति पिछड़े वर्ग के उम्मीदवार को अवसर देते हुए तीसरे स्थान पर धकेल दिया गया। पटवारी ने कहा, "इससे स्पष्ट हो गया है कि सामाजिक न्याय की बात करने वाले असल में पिछड़ा विरोधी हैं। ये वही लोग हैं जो आरक्षण के खिलाफ सार्वजनिक बयान देते हैं।"


जोड़-तोड़ और काले धन के इस्तेमाल का आरोप


कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने विधायकों की संख्या बल पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि 10 विधायक कम हैं, तो स्पष्ट रूप से पूर्ति के लिए जोड़-तोड़ (हॉर्स ट्रेडिंग) का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आशंका जताई कि कमीशन और भ्रष्टाचार से लूटा गया काला धन लोकतंत्र की लाज लुटाने की इस काली करतूत में खपाया जा रहा है।


कांग्रेस की ओर से संघर्षशील, गांधीवादी महिला उम्मीदवार मैदान में


जीतू पटवारी ने कहा कि इस विपरीत परिस्थिति में भी कांग्रेस पूरी दृढ़ता, अपने विचारों और संस्कारों के साथ मैदान में खड़ी है। कांग्रेस ने एक संघर्षशील और गांधीवादी महिला उम्मीदवार को मैदान में उतारा है, जिसके पीछे कोई अपार धनबल, सत्ता का दबाव या सरकारी तंत्र की ताकत नहीं है, बल्कि केवल लोकतांत्रिक मूल्य, संविधान में विश्वास और जनता की आशा है। उन्होंने कहा कि यह महिला उम्मीदवार वर्षों से महिला सम्मान, महिला अधिकारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ रही हैं और उन लोगों की आवाज बनी हैं जिनकी आवाज सत्ता के गलियारों तक नहीं पहुंच पाती।


प्रदेश में बढ़ता 'भ्रष्टाचार का कैंसर'


पटवारी ने मध्य प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज बेरोजगारी, किसान संकट, युवाओं के लिए अवसरों की कमी, महंगाई और भ्रष्टाचार का कैंसर लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, "आज विकास की चर्चा कम और प्रचार का व्यापार अधिक हो रहा है। दुर्भाग्य यह है कि प्रदेश का नेतृत्व ऐसे हाथों में है जहां दूरदृष्टि से अधिक दिखावा, विजन से अधिक प्रबंधन और समाधान से अधिक समस्याएं हैं।"


जनता से लोकतंत्र की रक्षा की अपील


पत्र के अंत में जीतू पटवारी ने मध्य प्रदेश की जनता से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे सत्य को पहचानें और राजनीति को बाजार बनने से रोकें। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, "यदि हम आज चुप रहेंगे, तो कल हमारे बच्चों को एक कमजोर लोकतंत्र विरासत में मिलेगा। लेकिन यदि हम आज लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ खड़े रहेंगे, तो आने वाली पीढ़ियां हम पर गर्व करेंगी।"