सतना, अंबिका केशरी। किसानों की लंबित समस्याओं, खाद की किल्लत और नई ई-टोकन व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को सतना में जोरदार प्रदर्शन किया। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संतोष पांडे ने कहा कि कांग्रेस पिछले कई महीनों से किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है और खाद संकट लगातार गहराता जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार की नई ई-टोकन प्रणाली का विरोध करते हुए इसे तत्काल समाप्त करने की मांग की। उनका कहना था कि इस व्यवस्था के कारण किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रही है और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने पुरानी व्यवस्था बहाल कर किसानों को सहज और समय पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की।
संतोष पांडे ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, किसान नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए तथा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।




