मैहर, प्रशांत शुक्ला। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर मैहर में कांग्रेस ने बुधवार को विशाल धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे तथा केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को पार करते हुए कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने का प्रयास किया और अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो", "मोदी सरकार जवाब दो", "भाजपा जवाब दो", "युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो" और "लोकतंत्र की आवाज़ दबाना बंद करो" जैसे नारों से पूरा प्रदर्शन स्थल गूंज उठा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों और युवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
धरना-प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की। ज्ञापन में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने तथा आवश्यक निर्णय शीघ्र लेने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा और स्थिति पर नजर रखी गई। कांग्रेस ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।




