बैतूल, सुरेन्द्र बावने। शहर में गहराते पेयजल संकट को लेकर कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक निलय डागा के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर मटका फोड़ प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि ताप्ती बैराज की दोनों मोटरें खराब पड़ी हुई हैं, लेकिन नगर प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। शहर के कई वार्डों में आठ-आठ दिनों तक पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष राजकुमार दिवान ने आरोप लगाते हुए कहा कि पानी की मोटरों की मरम्मत के नाम पर 40-40 हजार रुपए के बिल लगाए जाते हैं, जबकि इतनी राशि में नई मोटर खरीदी जा सकती है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका महीने में पंद्रह दिन भी नियमित जलापूर्ति नहीं कर पा रही है, बावजूद इसके जनता से पूरे महीने का टैक्स वसूला जा रहा है।
वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय डागा ने भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने जनता से प्रतिदिन पानी उपलब्ध कराने का वादा किया था। लाखापुर से बैतूल तक करोड़ों रुपए की लागत से पाइपलाइन डाली गई, लेकिन इसके बावजूद शहर में पेयजल संकट बना हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका कृत्रिम पेयजल संकट पैदा कर भ्रष्टाचार कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि शहर के बंद पड़े बोरवेल दोबारा शुरू कर दिए जाएं तो लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराया जा सकता है।

