हैदराबाद। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बीच कृष्णा नदी के पानी के बंटवारे को लेकर सियासत जारी है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और बीआरएस पर तेलंगाना के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि तेलंगाना का पानी आंध्र प्रदेश को जाने के लिए दोनों पार्टियां समान रूप से जिम्मेदार हैं।
भाजपा विधायक पायल शंकर ने आईएएनएस से कहा कि तेलंगाना का पानी आंध्र में जाने के पीछे कांग्रेस और बीआरएस दोनों पार्टियों का हाथ है। 2004 में जब बीआरएस और कांग्रेस के गठबंधन से आंध्र प्रदेश में सरकार बनी थी, तब तत्कालीन मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी आंध्र में पानी ले जा रहे थे लेकिन उस सरकार में शामिल बीआरएस के नेता चुप बैठे रहे। उन्होंने इस अन्याय के खिलाफ आवाज नहीं उठाई।
पायल शंकर ने कहा कि 2014 में तेलंगाना बनने के बाद भी हालात नहीं बदले। तेलंगाना के तत्कालीन मुख्यमंत्री केसीआर ने आंध्र प्रदेश के साथ पानी को लेकर क्या बातचीत की, यह तेलंगाना की जनता अच्छी तरह जानती है। उनका आरोप है कि पानी आंध्र को दिए जाने के मामले में कांग्रेस और बीआरएस दोनों पार्टियों की मिलीभगत रही है। आज दोनों पार्टियां अलग-अलग खड़े होकर एक-दूसरे पर आरोप लगाने की कोशिश कर रही हैं लेकिन सच्चाई यह है कि दोनों ही गुनहगार हैं।
वहीं, भाजपा प्रवक्ता एनवी सुभाष ने पूर्व बीआरएस सरकार पर तेलंगाना के पानी के विवाद को गलत तरीके से संभालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीआरएस और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी एक ही नाव में सवार हैं। बीआरएस सरकार के 10 साल के शासन के दौरान पानी के मुद्दे को पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के साथ आपसी सहमति से सुलझाया जाना चाहिए था लेकिन बीआरएस ने झुककर आंध्र प्रदेश को पानी का बड़ा हिस्सा दे दिया।
एनवी सुभाष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शुरू से ही इस मुद्दे पर मुखर रही है। पार्टी लगातार कहती रही है कि बीआरएस प्रमुख और तत्कालीन मुख्यमंत्री केसीआर ने तेलंगाना के लिए 500 टीएमसी से अधिक पानी की मांग करने के बजाय सिर्फ 299 टीएमसी पर ही समझौता कर लिया, जो तेलंगाना के हितों के खिलाफ था।
उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी केसीआर पर आरोप लगा रहे हैं लेकिन भाजपा दोनों राजनीतिक दलों से सवाल पूछती है कि उन्होंने पानी के बंटवारे के लिए आखिर किया क्या था।














