छतरपुर, शिवम सोनी। राजनगर थाना क्षेत्र के देवगांव टोल प्लाजा के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय अहिरवार पुत्र रामू अहिरवार निवासी बंदरगढ़, थाना राजनगर के रूप में हुई है।


जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 9 बजे देवगांव टोल प्लाजा के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में अजय अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।


परिजनों ने बताया कि अजय पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था और परिवार की उम्मीदों का प्रमुख सहारा था। उसकी असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं हादसे की खबर से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। राजनगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है।