छतरपुर, सुबोध त्रिपाठी। मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी निर्देशों और 'मध्य प्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम 2025' के प्रावधानों के तहत पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) छतरपुर रेंज कार्यालय द्वारा एक बड़ा आदेश जारी किया गया है। इस आदेश के तहत रेंज के अंतर्गत आने वाले चारों जिलों (छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़ और निवाड़ी) के प्रधान आरक्षकों (हेड कांस्टेबलों) को आगामी आदेश तक कार्यवाहक/अस्थायी रूप से सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद पर पदोन्नत कर नई पदस्थापना दी गई है।
छतरपुर जिले के पुलिसकर्मियों का दबदबा
जारी की गई पूरी सूची में छतरपुर जिले के पुलिसकर्मियों को सबसे ज्यादा लाभ मिला है। अलग-अलग वर्गों (अनारक्षित, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति) को मिलाकर पूरी रेंज में कुल पुलिसकर्मियों को यह प्रभार सौंपा गया है, जिनमें से अकेले छतरपुर जिले के पुलिसकर्मियों की संख्या सबसे ज्यादा है:
- अनारक्षित संवर्ग (General): कुल 92 पुलिसकर्मियों को एएसआई का प्रभार दिया गया है, जिनमें से अकेले 39 पुलिसकर्मी छतरपुर जिले के थानों और चौकियों में पदस्थ हैं।
- अनुसूचित जाति संवर्ग (SC): कुल 48 पुलिसकर्मियों को प्रमोट किया गया है, जिनमें से 19 पुलिसकर्मी छतरपुर जिले से संबंधित हैं।
- अनुसूचित जनजाति संवर्ग (ST): कुल 24 पुलिसकर्मियों को यह जिम्मेदारी मिली है, जिसमें से 12 पुलिसकर्मी अकेले छतरपुर जिले के हैं।
कुल मिलाकर रेंज स्तर पर जारी इस बड़ी सूची में छतरपुर जिले के कुल 70 प्रधान आरक्षकों को अब सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद का कार्यवाहक प्रभार सौंपकर नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अधीन होगी पदोन्नति
डीआईजी कार्यालय द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ये सभी नियुक्तियां और पदोन्नतियां माननीय सर्वोच्च न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) के समक्ष लंबित विशेष अनुमति याचिका क्रमांक 13954/2016 तथा माननीय सर्वोच्च और उच्च न्यायालय द्वारा भविष्य में पारित किए जाने वाले अंतिम आदेशों के अधीन रहेंगी।
एक महीने के भीतर देना होगा विकल्प
नियमों के अनुसार, जिन शासकीय सेवकों को यह नया वेतन निर्धारण और पदभार मिला है, उन्हें आदेश प्राप्त होने की तिथि से एक माह के भीतर अपना विकल्प प्रस्तुत करना होगा। इसके साथ ही, छतरपुर सहित संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) को निर्देशित किया गया है कि वे इन पुलिसकर्मियों को तत्काल वर्तमान पद से कार्यमुक्त कर नवीन पदस्थापना जिला में आमद देने के निर्देश जारी करें। इस आदेश के जारी होने के बाद छतरपुर पुलिस महकमे में मैदानी स्तर पर अधिकारियों की संख्या बढ़ेगी, जिससे कानून व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
देखिए पूरी सूची




