छतरपुर। जिला मुख्यालय के सिटी कोतवाली थाने में शनिवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने थाने के भीतर ही खुद पर डीजल छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास किया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता और सजगता दिखाई, जिससे समय रहते युवती को काबू में कर लिया गया और एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पुलिस अभिरक्षा में युवती का मेडिकल परीक्षण कराने के लिए उसे तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के गौतम नगर (वार्ड नंबर 02, सोरा पहाड़िया) की रहने वाली शमा खातून शनिवार दोपहर करीब 2:00 बजे कोतवाली थाने पहुंची थी। पीड़िता का कहना है कि उसके पिता पप्पू फ़क़ीर की लगभग एक साल पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में पीड़ित परिवार का आरोप है कि मोहल्ले के ही कुछ दबंग लोगों ने मिलकर उसके पिता की हत्या की थी। इसी सिलसिले में न्याय पाने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित परिवार पिछले कई महीनों से लगातार सिटी कोतवाली थाने के चक्कर काट रहा था।
पिता की मौत के सालभर बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होने और पुलिसिया कार्यप्रणाली से आहत होकर युवती ने आज यह खौफनाक और आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की। जैसे ही युवती ने खुद पर डीजल डाला, थाने में मौजूद पुलिस बल ने उसे दबोच लिया और अनहोनी होने से रोक लिया। पुलिस अब इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पीड़िता को उचित वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

