उमरिया (तपस गुप्ता) । बिरसिंहपुर पाली में बुधवार को उस समय लोगों में उत्सुकता का माहौल बन गया, जब बड़ी संख्या में संत जोसेफ स्कूल के छात्र-छात्राएं थाना एवं एसडीओपी कार्यालय परिसर में आते-जाते दिखाई दिए। बच्चों को पुलिस कार्यालयों के आसपास देखकर स्थानीय लोगों और राहगीरों के मन में कई तरह के सवाल उठने लगे। कुछ समय तक लोग इस बात को लेकर चर्चा करते रहे कि आखिर स्कूली बच्चे पुलिस थाने और एसडीओपी कार्यालय के चक्कर क्यों लगा रहे हैं।


बाद में जानकारी सामने आई कि संत जोसेफ स्कूल के विद्यार्थियों का यह दौरा शैक्षणिक भ्रमण का हिस्सा था। भ्रमण के दौरान छात्रों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका की जानकारी दी गई। एसडीओपी शिवचरण मोहित एवं थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा ने बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें थाना संचालन, शिकायत पंजीयन, जांच प्रक्रिया और जनसुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के बारे में सरल भाषा में समझाया।


इस दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस व्यवस्था से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया। अधिकारियों ने अपने सेवा जीवन के प्रेरणादायक अनुभव साझा करते हुए बच्चों को ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। छात्रों को थाना एवं कार्यालय के विभिन्न कक्षों का भ्रमण भी कराया गया तथा पुलिस द्वारा उपयोग किए जाने वाले संसाधनों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।


शैक्षणिक भ्रमण के बाद विद्यार्थियों ने इसे अपने लिए एक नया और ज्ञानवर्धक अनुभव बताया। यह पहल पुलिस और समाज के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास के रूप में सामने आई।