छतरपुर, सुबोध त्रिपाठी। मध्य प्रदेश के प्रशासनिक हलके से इस वक्त की एक बेहद बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य सरकार के नगरीय विकास एवं आवास विभाग (मंत्रालय) द्वारा जारी एक आधिकारिक आदेश के तहत राज्य नगरीय (प्रशासनिक) सेवा में एक महत्वपूर्ण पदोन्नति की गई है। विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत बसंत कुमार चतुर्वेदी को मुख्य नगर पालिका अधिकारी 'ख' श्रेणी के पद पर पदोन्नत कर दिया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री चतुर्वेदी अभी तक मुख्य नगर पालिका अधिकारी 'ग' श्रेणी/फीडर-कैडर राजस्व निरीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। शासन ने उन्हें स्थानापन्न रूप से आगामी आदेश तक नई जिम्मेदारी सौंपी है। इस पदोन्नति के साथ ही उन्हें रुपये 56100-177500 (लेवल-12, पूर्व वेतनमान 15600-39100 + 5400 ग्रेड वेतन) का उच्च वेतनमान स्वीकृत किया गया है। खास बात यह है कि शासन ने उन्हें वर्तमान पदस्थापना स्थल पर ही यथावत पदस्थ रखने का निर्णय लिया है।