दमोह/बटियागढ़, राजेन्द्र तिवारी। जनपद पंचायत कार्यालय परिसर बटियागढ़ में शनिवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मध्यप्रदेश सरकार के राज्यमंत्री लखन पटेल, दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण सिंह यादव, पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में बटियागढ़ विकासखंड की 33 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में हितग्राही और आवेदक पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों का निराकरण किया।
कलेक्टर प्रताप नारायण सिंह यादव ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और शिविर में आने वाले लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान राज्यमंत्री लखन पटेल और जिले के अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और मांगों को जाना। विभागीय अधिकारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी की गई।




