पांढुर्णा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को पांढुर्णा में आयोजित ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शिविर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए।


स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प की सराहना

मुख्यमंत्री ने शिविर में लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया: मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टॉल पर महिला समूहों द्वारा तैयार लिप्पन आर्ट, मोजेक आर्ट और टी-लाइट क्राफ्ट जैसे हस्तशिल्प उत्पादों को देखा और महिलाओं के हुनर की तारीफ की। वन मंडल सामान्य के स्टॉल पर उन्होंने आयुर्वेदिक और औषधीय उत्पादों की जानकारी ली और स्थानीय संसाधनों से तैयार उत्पादों के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के स्टॉल पर उन्होंने प्राकृतिक खेती से उगाई गई सब्जियों, अनाज और हल्दी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनके प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए।


यह भी पढ़ें: अनाज तिलहन व्यापार उत्थान कल्याण संघ के चुनाव के लिए मतदान जारी, 294 व्यापारी चुनेंगे नई कार्यकारिणी


ऊर्जा योजनाओं और पौष्टिक व्यंजनों की ली जानकारी

ऊर्जा विभाग और ऊर्जा विकास निगम के स्टॉल पर उन्होंने 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के क्रियान्वयन की स्थिति जानी। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर उन्होंने पौष्टिक व्यंजनों के बारे में भी जानकारी ली।


मेधावी विद्यार्थियों को मिली 'मुख्यमंत्री स्कूटी'

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 'मुख्यमंत्री स्कूटी योजना' के तहत कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी की चाबियां सौंपीं। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोरडोंगरी की छात्रा श्वेता साबले और दीपांशु पराड़कर, तथा सांदीपनी स्कूल की छात्रा दिव्या करबे को स्कूटी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित करती हैं।


यह भी पढ़ें: हेमंत खंडेलवाल ने की पूजा-अर्चना, कांग्रेस पर बरसे- विदेशी ताकतों के इशारे पर कर रही काम


हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लोगों को हितलाभ बांटे: खेड़ीकला के तुषार सुभाष काकड़े को एक लाख रुपए का अनुदान। भंदारगोंदी के मोहन हिवसे को लाभ। पूनम दुधकवरे, अश्विनी राजू सावकर, वैशाली हेमंत सौदागर, हर्षला वानखेड़े और किशोर दुधकवरे को प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन। रमेश कोहले और सुरेश वघाले को वृद्धावस्था पेंशन, तथा मनीषा बारंगे को दिव्यांग पेंशन। कुरेशा बी को श्रवण यंत्र और योगिता तायवाडे को व्हीलचेयर एवं ब्रेल किट दी गई। ओम प्रकाश मानकर और अशोक शहगल को प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0, जबकि पार्वती तिवारी और मनोहर धारपुरे को आयुष्मान कार्ड दिए गए। पिपलपानी के विजेश साहेबराव भादे को बीआरसी योजना का लाभ और चार लोगों को खाद्यान्न पात्रता पर्ची दी गई।


वृद्धजनों का सम्मान और बच्चों से संवाद

कार्यक्रम में ‘हमारे वृद्ध, हमारा स्वाभिमान’ और ‘हमारे बच्चे, हमारा स्वाभिमान’ थीम के तहत भी विशेष आयोजन किए गए। मुख्यमंत्री ने वृद्धजनों को शॉल, श्रीफल और फलों की टोकरी भेंट कर उनका सम्मान किया और उनसे आत्मीय संवाद किया। इसके अलावा, उन्होंने 'मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना' के बच्चों से मुलाकात कर उन्हें ड्राइंग किट, मिठाई और चॉकलेट बांटी।