भोपाल/रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा और चित्रकूट क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और नदियों के उफान के चलते बने गंभीर बाढ़ के हालातों को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपना खजुराहो दौरा स्थगित कर दिया है। मुख्यमंत्री स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुछ ही देर में सीधे रीवा पहुंच रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री रीवा पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ राहत एवं बचाव कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा करेंगे। इसके उपरांत सुबह वे रीवा और चित्रकूट के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे कर नुकसान व जलभराव की स्थिति का जायजा लेंगे। रीवा और चित्रकूट में स्थिति की समीक्षा और आवश्यक दिशा-निर्देश देने के बाद मुख्यमंत्री का खजुराहो पहुंचने का नया कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। प्रशासन को राहत शिविरों, एनडीआरएफ टीमों और बचाव संसाधनों को पूरी तरह मुस्तैद रखने के निर्देश दिए गए हैं।




