इंदौर, रविकांत वर्मा। इंदौर के संयोगितागंज थाना क्षेत्र स्थित डाक कुंज कॉलोनी में डाक विभाग की पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की हत्या के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। शुरुआती जांच के अनुसार आरोपी पति अखिलेश सैनी अपनी पत्नी के चरित्र पर लंबे समय से संदेह करता था। इसी शक और पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और उसने कथित रूप से पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की छह विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।


घटना के बाद मृतका के परिजनों और डाक विभाग के कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। बड़ी संख्या में कर्मचारी और परिजन संयोगितागंज थाने पहुंचे तथा आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


मृतका की बेटी प्रेक्षा सैनी ने मीडिया के सामने भावुक होकर मां के लिए न्याय की मांग की। उसने आरोप लगाया कि उसके पिता हमेशा उसकी मां के चरित्र पर संदेह करते थे और उनकी कमाई पर निर्भर रहते थे। प्रेक्षा ने कहा कि जिस तरह उसकी मां को दर्दनाक मौत दी गई, उसी तरह आरोपी को भी अपने किए की सजा मिलनी चाहिए। पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी कथित रूप से नहाकर अपनी बेटी से मिलने भी गया था, जिसके बाद वह फरार हो गया।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए छह टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। विभिन्न स्थानों से उसके संबंध में कुछ अहम सुराग मिले हैं और पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर हत्या के पीछे की पूरी साजिश और परिस्थितियों का खुलासा किया जाएगा।