नई दिल्ली। दिल्ली और इसके आसपास के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में मंगलवार और बुधवार को बारिश होने के आसार हैं। स्थानीय मौसम रिपोर्ट के अनुसार, 6 अक्टूबर को दिल्ली में गरज के साथ बारिश होने के साथ पूर्वानुमान है। हालांकि, इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, नमी का स्तर 55 से 45 प्रतिशत के बीच रह सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 7 अक्टूबर को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से लेकर 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
8 अक्टूबर को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे और तापमान 34 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 9 अक्टूबर को तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है, जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 10 और 11 अक्टूबर को भी आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है, जिसमें तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। मौसम में इस बदलाव और तेज हवाओं के चलने से दिल्ली-एनसीआर के प्रदूषण स्तर में कुछ हद तक गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, हवा की गुणवत्ता में सुधार अभी भी पूरी तरह से संतोषजनक नहीं है।
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के विभिन्न इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 'खराब' से 'बहुत खराब' श्रेणी में बना हुआ है। दिल्ली के प्रमुख इलाकों की बात करें तो मुंडका में एक्यूआई 280, नरेला में 255, ओखला फेज-2 में 223 और नॉर्थ कैंपस में 205 दर्ज किया गया है, जो 'खराब' श्रेणी में आते हैं। वहीं, मंदिर मार्ग (160), नजफगढ़ (166), नेहरू नगर (145), एनएसयूटी जफरपुर (154) और पटपड़गंज (149) जैसे इलाकों में एक्यूआई 'मध्यम' श्रेणी में है।
नोएडा की बात करें तो यहां के सेक्टर-116 में एक्यूआई 267 दर्ज किया गया है, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। सेक्टर-62 में यह 185 है, जबकि सेक्टर-125 में 136 और सेक्टर-1 में 137 दर्ज किया गया है। सबसे चिंताजनक स्थिति गाजियाबाद की है, जहां कई इलाकों का एक्यूआई लाल निशान यानी 'बहुत खराब' श्रेणी को पार कर चुका है। गाजियाबाद के संजय नगर में एक्यूआई 322 दर्ज किया गया है, जो बेहद खतरनाक स्तर है।
इसी तरह, वेव सिटी में एक्यूआई 305 और वसंधारा में 243 दर्ज किया गया है। गोविंदपुरम में एक्यूआई 148 और इंदिरापुरम में 151 दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश होने से प्रदूषण के स्तर में और गिरावट आने की उम्मीद है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश के बाद अगर हवा की गति धीमी पड़ जाती है, तो प्रदूषक तत्व वातावरण में जमा हो सकते हैं, जिससे स्थिति फिर से बिगड़ सकती है।














