कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ कांग्रेसियों ने किया पुतला दहन का प्रयास

Advertisement
नौगांव,कमल यादव। नगर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ पुतला दहन का प्रयास किया। यह प्रदर्शन दोपहर करीब 3 बजे नौगांव के कोठी चौराहे पर आयोजित किया गया, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला दहन नहीं कर सके।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प व धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष गगन यादव, ब्लॉक अध्यक्ष सर्वेश तिवारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय अग्निहोत्री, पार्षद अरविंद यादव, छुट्टन मंसूरी, विश्व स्वरूप नायक, शिवम यादव (एनएसयूआई अध्यक्ष) सहित अन्य कांग्रेसजन शामिल हुए।
बताया गया कि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह प्रदर्शन किया और मंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास किया।
इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गगन यादव ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में पूरे मध्य प्रदेश में आज मंत्री के खिलाफ पुतला दहन किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पुलिस प्रशासन का सहारा लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
गगन यादव ने चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्टी भविष्य में इसका जवाब देगी और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी।
