मुंबई। एक्टर रजनीश दुग्गल जल्द ही एक ऐसे शिक्षक की जिंदगी को बड़े पर्दे पर उतारते नजर आएंगे, जिन्होंने अपने पढ़ाने के अंदाज से छात्रों के बीच खास पहचान बनाई। रजनीश दुग्गल 'फिजिक्स वाला' के शिक्षक पंकज सिजारिया की बायोपिक में उनका किरदार निभाएंगे।एक्टर ने खुद इस प्रोजेक्ट से जुड़ने की वजह बताते हुए कहा कि जब उन्हें इस फिल्म के बारे में पता चला, तो वह तुरंत इसका हिस्सा बनने के लिए तैयार हो गए।

रजनीश दुग्गल ने पंकज सिजारिया के साथ इंस्टाग्राम लाइव के दौरान इस फिल्म को लेकर बात की। इस बातचीत में उन्होंने पंकज के लिए एक खास सरप्राइज का खुलासा करते हुए बताया कि उनकी जिंदगी पर बन रही फिल्म की कहानी उनके ही एक छात्र ने लिखी है।

रजनीश ने कहा, ''पंकज सर के एक छात्र ने उन पर फिल्म लिखी और फिर मुझसे पूछा कि क्या मैं इस फिल्म में पंकज का किरदार निभाना चाहूंगा। इस पर मैंने तुरंत हामी भर दी। अगर इस तरह का कोई प्रोजेक्ट है तो मैं इसका हिस्सा जरूर बनना चाहूंगा। मैंने फिल्म की पूरी स्क्रिप्ट पढ़ ली है और यह बेहद दिलचस्प अंदाज में लिखी गई है।''

एक्टर ने कहा, ''इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यही है कि पंकज सिजारिया की कहानी को कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि उनका ही एक छात्र पर्दे पर लेकर आ रहा है। इससे फिल्म में शिक्षक और छात्र के रिश्ते की एक अलग झलक भी देखने को मिलेगी। उनकी जिंदगी और उनके सफर को छात्र के नजरिए से दिखाया जाएगा।''

इस बायोपिक को पंकज सिजारिया के छात्र जेम्स ए. लिख रहे हैं और वही इसका निर्देशन भी करेंगे। एक्ट्रेस ईशा तलवार को फिल्म की फीमेल लीड के रूप में कास्ट किया गया है।

फिलहाल यह फिल्म डेवलपमेंट स्टेज में है और इसके निर्माण से जुड़े कई अहम काम चल रहे हैं। फिल्म की शूटिंग, रिलीज डेट और बाकी कलाकारों से जुड़ी जानकारी आने वाले दिनों में सामने आने की उम्मीद है। मेकर्स जल्द ही इस प्रोजेक्ट को लेकर और आधिकारिक जानकारी साझा कर सकते हैं।