सागर, बृजपाल सिंह राजपूत। बिजली चोरी का प्रकरण दर्ज करना विद्युत विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को महंगा पड़ गया। बिजली चोरी करते पकड़ी गई महिला ने अपने अधिवक्ता साथी और अन्य सहयोगियों के साथ विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचकर जूनियर इंजीनियर की चप्पलों से पिटाई कर दी। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार खुरई विद्युत वितरण कंपनी के जूनियर इंजीनियर कैलाश बेलदार ने शुक्रवार को नियमित जांच के दौरान आवास कॉलोनी स्थित बी-11/7 निवासी मेवा लोधी को मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा था। इसके बाद विभाग द्वारा बिजली चोरी का प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि इसी कार्रवाई से नाराज होकर शनिवार सुबह मेवा लोधी अपने परिचित अधिवक्ता संतोष सिंह तथा दो अन्य युवकों के साथ विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंची। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि कार्यालय में प्रवेश करते ही अधिवक्ता संतोष सिंह ने जूनियर इंजीनियर कैलाश बेलदार को कुर्सी से उठाकर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान मेवा लोधी ने चप्पलों से उनकी पिटाई कर दी, जबकि साथ आए अन्य लोगों ने भी हाथापाई की।
अचानक हुए हमले से अधिकारी घबरा गए। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद पीड़ित अधिकारी ने शहरी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मेवा लोधी, अधिवक्ता संतोष सिंह, नरेंद्र कुर्मी एवं एक अन्य आरोपी के खिलाफ मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने तथा एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

