भोपाल। मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार सुश्री मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त होने का मामला अब देश की राजधानी दिल्ली पहुंच गया है। भोपाल की सड़कों पर आधी रात को हुए उग्र प्रदर्शन और कानूनी घेराबंदी के बीच कांग्रेस के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने कांग्रेस की आपातकालीन याचिका पर संज्ञान लेते हुए पार्टी को मुलाकात का अधिकारिक समय (अपॉइंटमेंट) दे दिया है। केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को बुधवार दोपहर 12 बजे दिल्ली स्थित मुख्यालय में मुलाकात के लिए बुलाया है।
निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस आलाकमान से मिलने आ रहे प्रतिनिधियों की विस्तृत डिटेल्स भी मांगी है। इस मामले को लेकर भोपाल से लेकर दिल्ली तक कांग्रेस ने पूरी तरह से मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को होने वाली इस बेहद महत्वपूर्ण और निर्णायक बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ राष्ट्रीय नेताओं, कानूनी विशेषज्ञों और देश के नामचीन वकीलों का एक बड़ा डेलिगेशन (प्रतिनिधिमंडल) चुनाव आयोग के समक्ष उपस्थित होगा। यह डेलिगेशन मध्य प्रदेश के रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा मीनाक्षी नटराजन का पर्चा खारिज किए जाने के फैसले के खिलाफ पुख्ता कानूनी दस्तावेजों और साक्ष्यों के साथ अपनी आपत्ति दर्ज कराएगा। कांग्रेस को उम्मीद है कि केंद्रीय निर्वाचन आयोग के हस्तक्षेप से इस मामले में उन्हें न्याय मिलेगा, जिससे इस चुनावी जंग में एक बार फिर नया ट्विस्ट आ सकता है।



