चंदला/छतरपुर। आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव के बुंदेलखंड दौरे के तहत आज छतरपुर जिले के चंदला पहुंचने से पहले इलाके में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। किसी भी प्रकार के सामाजिक या राजनीतिक टकराव को टालने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से स्थानीय पुलिस ने त्वरित व सख्त कदम उठाया है। पुलिस प्रशासन ने चंदला के चर्चित युवा नेता ओमदत्त शुक्ला को दामोदर यादव के आगमन से ठीक पहले नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया है।
गौरतलब है कि ओमदत्त शुक्ला भी विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर अपने तीखे और बेबाक बयानों को लेकर क्षेत्र में खासे चर्चा में रहते हैं। दामोदर यादव द्वारा लगातार विभिन्न संगठनों और सवर्ण वर्ग को लेकर की जा रही बयानबाजी के चलते क्षेत्र में पहले से ही तनाव का माहौल बना हुआ था। पुलिस को अंदेशा था कि दामोदर यादव के चंदला पहुंचने पर उनके विरोध या आमने-सामने की स्थिति के चलते शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
इसी संभावित खतरे और सुरक्षा के दृष्टिकोण को भांपते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन ने एहतियातन ओमदत्त शुक्ला के आवास पर पुलिस बल तैनात कर उन्हें नजरबंद कर दिया। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि कस्बे में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी को भी माहौल बिगाड़ने या कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। फिलहाल चंदला के प्रमुख चौराहों और सीमावर्ती मार्गों पर पुलिस बल मुस्तैद है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।




