छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर लगाम कसने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में शुक्रवार को नौगांव और बिलहरी क्षेत्र में खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ा निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानों से खोवे के सैंपल लेकर आगामी जांच तक उसे सुरक्षित रखवाया है।

कोठी चौराहे पर शांति स्वीट्स भंडार सहित बिलहरी की दुकानों पर हुई जांच

कार्रवाई के तहत शुक्रवार को फूड इंस्पेक्टर वंदना जैन और नायब तहसीलदार प्रदीप राजपूत ने नौगांव नगर के व्यस्ततम कोठी चौराहे स्थित शांति स्वीट्स भंडार और बिलहरी की दो प्रमुख दुकानों पर एक साथ दबिश दी। इस औचक निरीक्षण के दौरान टीम ने दुकानों पर उपलब्ध खोवे की गुणवत्ता को बारीकी से परखा।

लैब जांच के लिए भेजे गए नमूने, बिक्री पर लगाई रोक

खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान लगभग 75 किलो खोवा के सैंपल एकत्रित किए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक इस खोवे को सील कर सुरक्षित रखवाया गया है ताकि किसी भी परिस्थिति में इसका उपयोग या बाजार में विक्रय न किया जा सके।

मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार जारी रहेगा अभियान

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि दीपावली के पावन पर्व पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी वेंडर को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में नगर की अन्य सभी मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर इसी प्रकार लगातार जांच और सैंपलिंग की कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे उपभोक्ताओं को पूरी तरह शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके।