छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। छतरपुर जिले की महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गर्रोली में ग्रामीणों को आवागमन की बड़ी सौगात मिली है। रविवार दोपहर महाराजपुर विधायक कामाख्या प्रताप सिंह ने शारदा माता मंदिर की ओर जाने वाले लगभग 3 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया। इस सड़क का निर्माण 2 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग के माध्यम से कराया जाएगा।


सड़क निर्माण के तहत पहले डीएलपी एवं बीएम का कार्य होगा, जिसके बाद मजबूत सीसी रोड तैयार की जाएगी। इसके साथ ही विधायक ने भड़ार नदी पर शीघ्र ही नाले का निर्माण कराने की बात भी कही। भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कामाख्या प्रताप सिंह ने कहा कि चुनाव के समय जब वे गर्रोली पहुंचे थे, तब गांव में ग्रामीणों द्वारा लगाया गया एक पोस्टर दिखा था, जिस पर लिखा था कि शारदा माता मंदिर जाने के लिए रोड नहीं तो वोट नहीं। उस पोस्टर को देखकर ही मन में संकल्प लिया था कि इस मार्ग का निर्माण प्राथमिकता से कराना है। माता रानी की कृपा और ग्रामीणों के सहयोग से आज इस महत्वपूर्ण सीसी रोड का भूमि पूजन संपन्न हुआ।


विधायक ने कहा कि गर्रोली सहित पूरे विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार का काम तेजी से जारी है। गर्रोली में प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण भी प्रगति पर है। कार्यक्रम के पश्चात विधायक ने शारदा माता गौशाला पहुंचकर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण किया। उन्होंने गौशाला परिसर का निरीक्षण कर संचालन समिति से व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री मानवेंद्र सिंह, ग्राम सरपंच रिंकू राजा, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी, कार्यक्रम संरक्षक प्रदीप सोलंकी, मोर्चा अध्यक्ष राजेश यादव, बबलू राजा, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।