जबलपुर, अनुराग शुक्ला। बरगी बांध में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई लोग अब भी लापता हैं। रेस्क्यू टीम लगातार तलाशी अभियान में जुटी हुई है, लेकिन समय बीतने के साथ उम्मीदें कम होती जा रही हैं।
हादसे की सबसे मार्मिक तस्वीर उस समय सामने आई जब एक 29 वर्षीय मां अपने 4 साल के मासूम बेटे को सीने से चिपकाए मृत अवस्था में मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मां ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी, फिर भी वह अपने बच्चे को नहीं बचा सकी। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
सूत्रों के मुताबिक हादसे के समय क्रूज में करीब 40 लोग सवार थे, जबकि टिकट रिकॉर्ड में केवल 29 वयस्कों का ही उल्लेख है। बच्चों के टिकट नहीं होने के कारण सवारियों की सटीक संख्या स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनमें लाइफ जैकेट की गुणवत्ता और सुरक्षा प्रबंधन प्रमुख हैं।
इधर, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे के बाद तुरंत दो मंत्रियों को मौके पर भेजा गया और बचाव दल ने तेजी से राहत कार्य किया, जिससे 29 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
सीएम ने यह भी कहा कि कुछ लोगों द्वारा लाइफ जैकेट सही तरीके से न पहनने के कारण स्थिति और गंभीर हुई। उन्होंने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों की सराहना करते हुए कहा कि उनके साहसिक प्रयासों से कई जानें बचाई गईं, जिन्हें आगामी 15 अगस्त पर सम्मानित किया जाएगा।
फिलहाल पूरे जबलपुर में शोक का माहौल है। हर आंख नम है और हर कोई यही दुआ कर रहा है कि ऐसी त्रासदी दोबारा न हो।

