छतरपुर,रोहित पाठक। गौ तस्करी रोकने के दौरान गौ-रक्षक फरसा बाबा की मौत के मामले में बागेश्वर महाराज ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।
शनिवार शाम माता रानी की साधना के बीच भक्तों को दर्शन देने पहुंचे महाराज ने कहा कि उन्हें फरसा बाबा की हत्या की सूचना मिली, जिससे वे बेहद आहत हैं। उन्होंने फरसा बाबा को समर्पित गौ-रक्षक बताते हुए कहा कि उनके जैसा सेवाभावी व्यक्ति विरले ही होते हैं।
महाराज ने सरकार से मांग की कि इस जघन्य अपराध में शामिल दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग हिंदू, हिंदुत्व और सनातन के लिए आवाज उठाते हैं, उन्हें अक्सर धमकियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने खुद को और अपने परिवार को भी लगातार मिल रही धमकियों का जिक्र किया।
भावुक होते हुए महाराज ने कहा कि फरसा बाबा की कुचलकर की गई हत्या अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने बालाजी से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें।
महाराज ने समाज से अपील करते हुए कहा कि यदि हम स्वयं हिंदुत्व के लिए संघर्ष नहीं कर सकते, तो कम से कम ऐसे लोगों का समर्थन जरूर करें जो इसके लिए समर्पित हैं।

