छतरपुर/काठमांडू। नेपाल-तिब्बत सीमा पर पहाड़ खिसकने से आई विनाशकारी बाढ़ और भीषण मानवीय त्रासदी की खबर से बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अत्यंत व्यथित हैं। जापान यात्रा संपन्न कर भारत लौटते ही जब बागेश्वर महाराज को नेपाल में हजारों परिवारों के बेघर होने, भारी जनहानि और सैकड़ों लोगों के लापता होने की जानकारी मिली, तो उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक भावुक वीडियो संदेश जारी कर गहरा शोक व्यक्त किया।


हनुमान जी से की प्रार्थना, पीड़ित परिवारों को संबल मिलने की कामना

बागेश्वर महाराज ने भगवान श्री बागेश्वर बालाजी और श्री सन्यासी बाबा के चरणों में प्रार्थना करते हुए कहा कि संकटमोचन हनुमान दादा सभी प्रभावित नागरिकों की रक्षा करें और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुःख व कठिन परिस्थिति को सहन करने की आत्मिक शक्ति प्रदान करें। उन्होंने प्रकृति के इस रौद्र रूप से प्रभावित जनजीवन के शीघ्र सामान्य होने की कामना की।


नेपाल बागेश्वर मंडल को सेवा कार्य में जुटने का आह्वान

आपदा की गंभीरता को देखते हुए बागेश्वर महाराज ने नेपाल स्थित 'बागेश्वर धाम मंडल' के सभी सेवादारों और स्वयंसेवकों से तत्काल धरातल पर उतरकर राहत व बचाव कार्यों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि बेघर हुए लोगों तक भोजन, शुद्ध पेयजल, वस्त्र और विशेष रूप से आवश्यक दवाइयां व प्राथमिक मेडिकल किट तत्परता से पहुंचाई जाएं।


कठिन घड़ी में नेपाल के भाई-बहनों के साथ खड़ा है पूरा बागेश्वर परिवार

बागेश्वर महाराज ने भारत सरकार, नेपाल सरकार और स्थानीय आपदा प्रबंधन बलों द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशनों की सफलता के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का संबंध केवल भौगोलिक नहीं, बल्कि आत्मीय और सांस्कृतिक है। इस भीषण विपदा में पूरा बागेश्वर धाम परिवार संकटग्रस्त नेपाल के हर नागरिक के साथ पूरी निष्ठा और सेवा भाव से खड़ा है।