मुंबई, 8 मई । दिवंगत अभिनेता इरफान खान के बेटे और अभिनेता बाबिल खान पिछले कुछ समय से लगातार अपने काम और निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। कम समय में ही उन्होंने अपनी अलग पहचान बना ली है। वह अक्सर अपनी भावनाओं और अनुभवों को खुलकर साझा करते रहते हैं। अब एक बार फिर बाबिल खान ने अपने काम और निजी जिंदगी के बीच संतुलन बनाने के तरीके को लेकर दिल की बात साझा की है। उन्होंने बताया कि लंबे और थकाने वाले शूटिंग शेड्यूल के बीच संगीत ही उन्हें सुकून देता है।दरअसल, बाबिल खान इन दिनों अपने नए प्रोजेक्ट की शूटिंग में बिजी हैं। लगातार काम और लंबे शूटिंग के घंटों के बीच जब भी उन्हें थोड़ा खाली समय मिलता है, तो संगीत से खुद को जोड़ लेते हैं। बाबिल ने बताया कि वह अपने वैनिटी वैन में गिटार रखते हैं और शूटिंग के बीच मिलने वाले छोटे-छोटे पलों में गिटार बजाना और गाना गाना पसंद करते हैं। ऐसा करके उन्हें खुद से जुड़ाव महसूस होता है।
बाबिल खान ने अपनी भावनाओं को साझा करते हुए कहा, "जब भी मुझे काम के बीच थोड़ा समय मिलता है, तो मैं अपने आप संगीत की तरफ खिंचा चला जाता हूं। गिटार बजाना और गाना गाना मुझे हमेशा से पसंद रहा है। मेरे लिए यह मजेदार भी है और सुकून देने वाला भी। म्यूजिक मुझे अपने साथ कुछ समय बिताने का मौका देता है, और यही वजह है कि मैं शूटिंग के तनाव के बीच भी खुद को शांत और खुद से जुड़ा हुआ महसूस कर पाता हूं।"
अभिनय और म्यूजिक के अलावा, बाबिल खान अपनी फिटनेस पर भी ध्यान देते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह मुआय थाई नाम की मार्शल आर्ट सीख रहे हैं, जिसकी शुरुआत थाईलैंड में हुई थी। इस ट्रेनिंग के लिए उन्होंने कई स्पेशल क्लास भी ली। माना जा रहा है कि वह अपने आने वाले किरदारों के लिए खुद को फिजिकल तौर पर तैयार कर रहे हैं।
अगर बाबिल खान के करियर की बात करें, तो उन्होंने फिल्म 'करीब करीब सिंगल' के जरिए कैमरा असिस्टेंट के तौर पर इंडस्ट्री में शुरुआत की थी। इसके बाद साल 2022 में उन्होंने फिल्म 'कला' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। इस फिल्म में उनके अभिनय को काफी सराहा गया। इसके बाद वह 'फ्राइडे नाइट प्लान' में नजर आए, जहां उन्होंने जूही चावला के बेटे का किरदार निभाया।
वहीं वेब सीरीज 'द रेलवे मेन' में भी बाबिल ने अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई। भोपाल गैस त्रासदी पर बनी इस सीरीज में उनके साथ दिव्येंदु शर्मा, के. के. मेनन और आर. माधवन जैसे कलाकार नजर आए थे।

