छतरपुर, विनोद मिश्रा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर देवी-देवताओं एवं बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने कांग्रेस नेता शंभू कुशवाहा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, लोधी कुँड़िया निवासी सत्यम शर्मा (30) ने शिकायत दर्ज कराई कि 4 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे फेसबुक पर 'शम्भू कुशवाहा' नाम के अकाउंट से देवी-देवताओं एवं बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए पोस्ट की गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त पोस्ट से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।


शिकायत में बताया गया कि संबंधित पोस्ट का स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखने के बाद उन्होंने अन्य लोगों को भी इसकी जानकारी दी और सिटी कोतवाली पहुंचकर लिखित आवेदन देकर संबंधित फेसबुक अकाउंट धारक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।


सिटी कोतवाली पुलिस ने शिकायत एवं उपलब्ध तथ्यों की प्रारंभिक जांच के बाद प्रथम दृष्टया मामला पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।