छतरपुर, संदीप यादव। मंगलवार सुबह बागेश्वर धाम से दर्शन करके लौट रहे टीकमगढ़ जिले के बुड़ेरा गांव निवासी रामदयाल यादव की ई-रिक्शा से टक्कर में मौत हो गई। उनकी पत्नी संगीता यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं।


घटना कदारी क्षेत्र के पास मंगलवार सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच हुई। रामदयाल यादव अपनी पत्नी संगीता यादव के साथ बाइक पर सवार होकर बागेश्वर धाम से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक ई-रिक्शा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।


स्थानीय लोगों ने दोनों को तुरंत जिला अस्पताल छतरपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रामदयाल यादव को मृत घोषित कर दिया। संगीता यादव का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।


मृतक के साले गणेश यादव ने बताया मेरे जीजाजी रामदयाल यादव पत्नी के साथ बागेश्वर धाम दर्शन करके टीकमगढ़ जिले के ग्राम बुड़ेरा लौट रहे थे। कदारी के पास अचानक ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया जहां रामदयाल की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। दुर्घटना की जांच की जा रही है।