टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। जिले में वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम (एससीएसएस) एवं अन्य बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एचडीएफसी बैंक में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में पुलिस पेंशनर्स एवं अन्य सेवानिवृत्त कर्मचारी शामिल हुए। बैंक अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित निवेश, पेंशन सेवाओं, डिजिटल बैंकिंग और सरकारी बचत योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
बैठक में पुलिस पेंशनर्स जिला अध्यक्ष खलील मुहम्मद खान के नेतृत्व में सुरेश दौंदेरिया, राघवेंद्र सिंह राजपूत, उमाशंकर चतुर्वेदी, बालकिशन तिवारी, बी.डी. कड़ा, गोविंद दास अहिरवार, नारायण दास सोनी, काजी हफीजुद्दीन, कैलाश नारायण सरवैया, मकुंद सिंह यादव सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए अनेक पेंशनर्स उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एचडीएफसी बैंक के ब्रांच मैनेजर आनंद द्विवेदी, डिप्टी मैनेजर इमरान खान एवं रिलेशनशिप मैनेजर मोहन धाकड़ ने सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम की विशेषताओं, बैंकिंग सुविधाओं, पेंशन संबंधी सेवाओं और सुरक्षित निवेश के विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग और साइबर ठगी से बचाव के उपाय भी बताए। साथ ही उपस्थित पेंशनर्स की समस्याओं को सुनते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि वे बैंकिंग लेन-देन में सतर्कता बरतें, साइबर अपराधियों से सावधान रहें और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न बचत योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। पेंशनर्स ने बैंक द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नियमित रूप से किए जाने चाहिए, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को बदलती बैंकिंग व्यवस्था और नई योजनाओं की समय-समय पर जानकारी मिलती रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




