धेमाजी, 5 अप्रैल । असम विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए नाक की लड़ाई साबित हो सकता है। दस साल से सत्ता में रहने के बाद भाजपा तीसरी बार सरकार बनाने का दावा कर रही है। वहीं कांग्रेस का कहना है कि जनता भाजपा के 10 वर्षों के शासन से त्रस्त हो चुकी है और इस बार वह कांग्रेस को मौका देगी।भाजपा ने चुनाव को लेकर पूरी ताकत झोंक दी है। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल रविवार को धेमाजी क्षेत्र में थे, जहां उन्होंने एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि जनता ने तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का मन बना लिया है।

उन्होंने कहा कि एनडीए के शासन में उत्तरी तट का कायाकल्प लगातार लोगों का दिल जीत रहा है। लोगों का विश्वास पीएम मोदी के मार्गदर्शन में सीएम हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाली सरकार पर है। भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने असम को अवैध अप्रवासियों की पकड़ से मुक्त कराने का संकल्प लिया है।

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि हमारी 'डबल-इंजन' सरकार पर लोगों का गहरा विश्वास यह सुनिश्चित करता है कि एनडीए तीसरी बार विधानसभा चुनाव में शानदार जीत की ओर अग्रसर है।

मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिस तरह से चुनाव प्रचार के दौरान लोगों का प्यार, समर्थन मिल रहा है, उससे एक चीज तो स्पष्ट है कि जनता ने तीसरी बार भाजपा को सत्ता में लाने का फैसला कर लिया है।

उन्होंने कहा कि बीते 10 वर्षों में पीएम मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की सरकार ने जनता के हित में विकास कार्य किए। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जनता को मिला है। भाजपा ने जनता के लिए जो कुछ भी किया है, वह क्रांतिकारी रहा है और जनता हमारे काम से विशेष रूप से प्रेरित हुई है।

धेमाजी में जनसभा को संबोधित करने के बाद केंद्रीय मंत्री ने कहा कि धेमाजी पूरी मजबूती से एनडीए के साथ खड़ा है। यहां से भाजपा के प्रत्याशी के लिए आशीर्वाद मांगते समय, मुझे लोगों का जबरदस्त प्यार देखने को मिला। पीएम मोदी के नेतृत्व में शांति और प्रगति की निरंतर यात्रा ने हर किसी का दिल जीत लिया है, जिससे एनडीए के लिए तीसरी बार ऐतिहासिक जनादेश मिलना तय हो गया है।