प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में करीब 100 साल पुराना पुश्तैनी मकान अचानक भरभराकर गिर गया। इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मलबे में दबकर और दम घुटने से मौत हो गई, जबकि परिवार का बड़ा बेटा चमत्कारिक रूप से बच गया।
रात में सोते समय हुआ हादसा
हादसा बुधवार रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच हुआ। उमस और गर्मी के कारण परिवार के सभी 7 सदस्य AC वाले कमरे में सो रहे थे: गहरी नींद के दौरान अचानक कमरे की छत ढह गई, जिससे किसी को भागने या संभलने का मौका तक नहीं मिला। किनारे सो रहा बड़ा बेटा अमन (28) किसी तरह मलबे से बाहर निकला और उसने शोर मचाकर पड़ोसियों को जुटाया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने खिड़की तोड़कर करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में जान गंवाने वाले लोग
प्रमोद श्रीवास्तव (60) – मकान मालिक (रिक्शा चालक), रीता (55) – पत्नी, नितिन (25) – छोटा बेटा, माधुरी (23) – बहू (अमन की पत्नी), माधव (2 वर्ष) – पोता, अद्विक (10 माह) – पोता
हादसे में जीवित बचे अमन का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
पीएम आवास की राशि स्वीकृत थी, मिलने से पहले हुआ हादसा
प्रतापगढ़ के डीएम अभिषेक पांडेय और एसपी दीपक भूकर ने घटनास्थल का मुआयना किया। डीएम ने बताया कि जर्जर मकान की स्थिति को देखते हुए परिवार के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पैसा स्वीकृत हो चुका था और जल्द मिलने वाला था, लेकिन उससे पहले ही यह दुखांतिका हो गई। शासन की ओर से पीड़ित अमन श्रीवास्तव के खाते में तुरंत 26 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि भेजी जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रयागराज मंडल के एडीजी ज्योति नारायण और आईजी अजय कुमार मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।




