टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। जिले के प्रसिद्ध आस्था केंद्र सिद्ध बाबा हवेली मंदिर के जीर्णोद्धार का रास्ता साफ हो गया है। मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए शासन ने 23.60 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इसमें से 15.58 लाख रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है, जिसके बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। लंबे समय से मंदिर के जीर्णोद्धार की मांग की जा रही थी, जिसे अब प्रशासनिक स्तर पर प्राथमिकता मिलने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।


बताया जा रहा है कि इस परियोजना को मंजूरी दिलाने में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अब पीडब्ल्यूडी विभाग की निगरानी में मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और आवश्यक निर्माण कार्य किए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य मंदिर की सुविधाओं में सुधार कर श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।


मंदिर के विकास से जिले में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का मानना है कि मंदिर के आकर्षक स्वरूप से श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, जिससे क्षेत्र में रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी विकसित होंगे। प्रशासन का कहना है कि ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।