मुंबई। अभिनेता अनुपम खेर ने शुक्रवार को करियर के शुरुआत दिनों को याद करते हुए पहले पोर्टफोलियो की तस्वीरें शेयर की। उन्होंने बताया कि करियर के शुरुआत में उन्हें बाल झड़ने की समस्या से काफी असहज महसूस होता था। इंस्टाग्राम पर पहले पोर्टफोलियो की तस्वीरें शेयर कर अभिनेता अनुपम खेर ने लिखा, "मेरी ये तस्वीरें पहले पोर्टफोलियो की है, जब मैं पहली बार 1981 में मुंबई आया था। उस समय मैं शिमला से आया हुआ 25 साल का युवा लड़का था, जिसके एक सूटकेस में ढ़ेर सारे सपने और दिल में पूरा विश्वास था। उस समय मुंबई में आकर ऐसा महसूस हो रहा था, जैसे विशाल समुद्र में मैं एक छोटी सी बूंद हूं। हर चेहरा ज्यादा आत्मविश्वासी दिखता था और हर सड़क मेरी उम्मीदों से भी तेज भागती हुई लगती थी।"

अभिनेता ने अपनी पोस्ट में बाल झड़ने की समस्या को भी बखूबी समझाते हुए लिखा, "कुछ दिन ऐसे भी थे जब समय से पहले बाल झड़ने की वजह से मैं परेशान हो जाता था। मुझे डर लगता था कि कहीं लोग मेरी प्रतिभा देखने से पहले मेरे बालों को न देखने लगें, लेकिन फिर मैं खुद को एक बात याद दिलाता था कि मुझमें हुनर है। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा ने मुझे आत्मविश्वास दिया था। जिंदगी ने मेरे अंदर आगे बढ़ने की भूख पैदा की थी और जब मेहनत के साथ जुनून जुड़ जाता है, तो वह एक बहुत बड़ी ताकत बन जाता है।"

अभिनेता अनुपम खेर ने मुझे बताया कि उनसे अक्सर लोग पूछते हैं कि उन्हें पता था कि वे सफल हो जाएंगे? इस सवाल का जवाब देते हुए अनुपम ने लिखा, "सच कहूं, तो मुझे ये अंदाजा नहीं था कि मैं सफल हो जाऊंगा, लेकिन ये जरूर पता था कि मैं कोशिश करना कभी बंद नहीं करूंगा। सपने भी अजीब होते हैं। सिर्फ सोच भर लेने से वे पूरे नहीं होते, बल्कि रोज सुबह उठकर कड़ी मेहनत करने, असफलताओं का सामना, अपने डर को पीछे छोड़ने और लगातार आगे बढ़ने के बाद पूरे होते हैं।"

उन्होंने सभी को राय देते हुए लिखा, "अगर आपको अपने सपने पर सच्चा विश्वास होता है, तो धीरे-धीरे आपका सपना भी आप पर विश्वास करने लगता है। आज जब मैं इन तस्वीरों को देखता हूं, तो मुझे कोई संघर्ष करता हुआ अभिनेता नजर नहीं आता बल्कि, एक ऐसा युवा दिखाई देता है, जिसने अपने सपनों से कभी समझौता नहीं किया और उस 25 साल के लड़के से मैं बस कभी हार न मानने के लिए धन्यवाद कहना चाहता हूं।"