छतरपुर। जिले में पुलिस कार्यप्रणाली और कथित प्रताड़ना को लेकर दो गंभीर मामले सामने आए हैं, जिसमें दो युवकों की जहर खाने से मौत हो गई। ताजा मामला गौरिहार थाना क्षेत्र का है, जहाँ एक व्यक्ति की जहर खाने से जान चली गई। बताया जा रहा है कि मृतक किसी विवाद के सिलसिले में थाने पहुँचा था, जहाँ कथित तौर पर मानसिक दबाव और प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। इस घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
इससे पहले शुक्रवार शाम को ही चंदला थाने में भी ऐसी ही एक सनसनीखेज वारदात हुई। नाहर गांव निवासी 22 वर्षीय राम विशाल अहिरवार (रज्जू) अपने पत्नी के साथ हुए विवाद के सिलसिले में थाने आया था, जहाँ उसने थाने के अंदर ही जहर खा लिया। अस्पताल ले जाते समय युवक की मौत हो गई। एक ही दिन में थानों से जुड़ी दो मौतों की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्तमान में वरिष्ठ अधिकारी दोनों मामलों की बारीकी से जांच कर रहे हैं, वहीं क्षेत्र में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए प्रशासन सतर्क है।



